home page

डीएसपीएमयू में छात्र संगठनों की सर्वदलीय बैठक, सौंपा मांग पत्र

 | 
डीएसपीएमयू में छात्र संगठनों की सर्वदलीय बैठक, सौंपा मांग पत्र


रांची, 29 मई (हि.स.)। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में शुक्रवार को विभिन्न छात्र संगठनों की सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय से जुड़े छात्रहित एवं प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कुलपति, कुलसचिव और डीएसडब्ल्यू को संयुक्त रूप से छह सूत्री मांग पत्र सौंपा गया।

इस अवसर पर आदिवासी छात्र संघ अध्यक्ष विवेक तिर्की ने कहा कि छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय में कार्यरत प्राइवेट एजेंसी आरआरएस की निष्पक्ष जांच कराने, एजेंसी और विश्वविद्यालय के बीच हुए एमओयू की शर्तों को सार्वजनिक करने एवं सुरक्षा गार्ड तथा नॉन-टीचिंग स्टाफ को दिये जा रहे मानदेय की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इसके अलावा 07 वर्षों से लंबित छात्र संघ चुनाव जल्द कराने और जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग (टीआरएल) के लिए अलग भवन निर्माण की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

छात्र संगठनों ने छात्र संघ भवन को व्यवस्थित कर छात्र संगठनों को सौंपने, यूजी और पीजी छात्रों को अविलंब आई-कार्ड जारी करने एवं विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के निर्माण कार्य में तेजी लाने की भी मांग की।

बैठक के दौरान कुलपति प्रो राजीव मनोहर ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं छात्र संगठनों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं होने पर गर्मी की छुट्टी के बाद चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।

बैठक में आदिवासी छात्र संघ अध्यक्ष विवेक तिर्की एवं अजय रूंडा, आजसू छात्र संघ परदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू कुमार महतो, अध्यक्ष शिवम् सिंह, रवि एवं ज्योतिष, एनएसयूआई छात्र संघ के अक्षय महतो सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar