रांची विवि के सभी आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से खबरों का सटीकता से हो प्रकाशन : कुलपति
रांची, 25 अप्रैल (हि.स.)। रांची विश्वविद्यालय के आईक़्यूएसी सभागार में कुलपति की अध्यक्षता में प्लेसमेंट सेल और पीआरओ सेल की समीक्षा बैठक शनिवार को आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय की पिछले वर्षों की उपलब्धियों का आकलन करना और भविष्य की कार्य योजना तैयार करना था।
प्लेसमेंट सेल ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के प्रोफेसर इंचार्ज डॉ सुमित कुमार डे ने कुलपति के समक्ष पिछले चार वर्षों के प्लेसमेंट रिकॉर्ड का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
कुलपति ने पिछले चार वर्षों के प्लेसमेंट ग्राफ और विद्यार्थियों के चयन पर संतोष व्यक्त किया।
मौके पर कुलपति ने प्लेसमेंट सेल को और अधिक सक्रिय बनाने का निर्देश दिया। ताकि प्रतिष्ठित कंपनियां कैंपस में आएं और विद्यार्थियों को बेहतर पैकेज और अवसर प्राप्त हों।
साथ ही उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया पर सक्रियता का निर्देश दिया।
पीआरओ सेल की बैठक के दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय की छवि और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर विशेष चर्चा की। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शोध कार्यों और अन्य उपलब्धियों को मुख्यधारा के मीडिया (प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक) में प्रमुखता से स्थान मिलना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम है। इसलिए, विश्वविद्यालय के सभी आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से खबरों और सूचनाओं का प्रकाशन पूरी सटीकता और समयबद्धता के साथ किया जाए।
इस दौरान कुलपति की एक नई और अनूठी पहल सीधा संवाद नामक कार्यक्रम को लेकर निर्देश दिया कि विश्वविद्यालय प्रशासन और विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के बीच पारदर्शिता और बेहतर समन्वय के लिए जल्द से जल्द यह कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।
बैठक में डॉ स्मृति सिंह, पीआरओ, रांची विश्वविद्यालय और विश्वविद्यालय के अन्य वरीय अधिकारी, प्लेसमेंट सेल के सदस्य और पीआरओ विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

