लाठीचार्ज के खिलाफ छात्र आजसू ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला
रांची, 17 मार्च (हि.स.)। अखिल झारखंड छात्र संघ (छात्र आजसू) ने झारखंड विधानसभा के समक्ष छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ राज्य भर में विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री का पुतला जलाया। मौके पर छात्र आजसू ने लाठीचार्ज के दोषी पुलिस अधिकारियों को दंडित करने और जेटेट परीक्षा अविलंब आयोजित करने की मांग की।
राजधानी रांची में छात्र आजसू ने रांची विश्वविद्यालय मुख्य द्वार से विरोध मार्च निकाला, जो अल्बर्ट एक्का चौक तक गया। यहां छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया और राज्य सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की गई।
मौके पर छात्र आजसू के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने बताया कि जेटेट परीक्षा अविलंब आयोजित करवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे आजसू नेता बबलू महतो सहित निर्दोष छात्रों पर लाठी चार्ज दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है और आजसू इसका पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार छात्र विरोधी है। राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन ने लाठीचार्ज कर छात्रों की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि मामले में दोषी अधिकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए, अन्यथा आजसू बाध्य हो कर चरणबद्ध आंदोलन करेगा।
मौके पर पार्टी महासचिव संजय मेहता, प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, परवाज खान, पार्थ परितोष सहित अन्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

