home page

मजबूत संगठन और स्पष्ट लक्ष्य ही जनसेवा की पूर्ति का आधार : सुदेश

 | 
मजबूत संगठन और स्पष्ट लक्ष्य ही जनसेवा की पूर्ति का आधार : सुदेश


रांची, 04 नवंबर (हि.स.)। रांची के हरमू स्थित आजसू पार्टी के प्रधान कार्यालय में पार्टी के जिला समिति की बैठक बुधवार को आयोजित की गई।

बैठक में रांची जिले में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, पार्टी की नीतियों, विचारधारा एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तारपूर्वक विचार किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलन से लेकर अलग राज्य के निर्माण तक आजसू की ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण भूमिका रही है। केंद्र सरकार के साथ झारखंड निर्माण को लेकर हुई वार्ताओं में भी पार्टी की अहम भूमिका रही है। इसी जिम्मेदारी को समझते हुए आजसू पार्टी झारखंड के भविष्य, विशेषकर युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य आदिवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, महिला, युवा, छात्र सहित समाज के प्रत्येक वर्ग और गरीब व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है। झारखंड के निर्माण के पीछे जो उद्देश्य और सपने थे, उन्हें पूरा करना हमारी राजनीतिक जिम्मेदारी है। इसलिए हमारा लक्ष्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि झारखंड की जनता के विश्वास पर खरा उतरना और राज्य के सामने एक मजबूत, जवाबदेह एवं जनहितकारी राजनीतिक विकल्प प्रस्तुत करना है।

संगठन का होगा पुनर्गठन : प्रवीण प्रभाकर

बैठक के बाद पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि रांची जिले के सभी प्रखंडों में आजसू पार्टी के संगठन का व्यापक पुनर्गठन किया जाएगा। संगठन में नई पीढ़ी के युवाओं को अधिक जिम्मेदारी देने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए जिले के सभी प्रखंडों में अलग-अलग प्रखंड सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में आजसू पार्टी के मुख्य संगठन के साथ-साथ छात्र आजसू, युवा आजसू और महिला आजसू के अलग-अलग सम्मेलन आयोजित होंगे।

प्रभाकर ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पदाधिकारियों को प्रखंड प्रभारी नियुक्त किया गया है। केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी इस दिशा में आवश्यक निर्देश दिए हैं। प्रभाकर ने बताया कि निर्णय लिया गया है कि इसी महीने सभी प्रखंडों में सम्मेलन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि रांची जिला में आजसू पार्टी का संगठन पहले से ही मजबूत स्थिति में है।

बैठक में मौजूदा राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा गया कि चुनाव के दौरान मंईयां योजना सहित कई घोषणाओं और वादों के माध्यम से जनता को बड़ी उम्मीदें दिखाई गई थीं। लेकिन आज राज्य में विकास की वास्तविक स्थिति चिंताजनक है।

राजधानी रांची में भी मुख्यमंत्री आवास के आसपास के क्षेत्रों में विकास की स्थिति संतोषजनक नहीं है। प्रखंड कार्यालयों एवं अंचल कार्यालयों में भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। रांची नगर निगम भी अपनी जिम्मेदारियों का अपेक्षित निर्वहन नहीं कर पा रहा है। नतीजा सरकारी व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, अफसरशाही की लापरवाही और प्रशासनिक विफलताओं का सीधा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

बैठक में यह निर्णय लिया गए कि आजसू पार्टी इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार की नीतियों एवं चुनावी वादों की वास्तविकता को जनता के सामने रखेगी।

दुर्गा पूूूजा पर करोड़ों रुपये का चालान काटना अनैतिक

बैठक में बीते दुर्गा पूजा के समय रांची जिला प्रशासन की ओर से ट्रैफिक उल्लंघन के नाम पर शहरवासियों से करोड़ों रुपये का चालान काटने को अनैतिक बताया गया। साथ ही कहा गया कि दीपावली और छठ महापर्व में भी सड़कों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन को नियमों दुरुपयोग नहीं करने को कहा गया। मौके पर निर्णय लिया गया कि इस मामले को अवगत करने के लिए जल्द ही राज्यपाल संतोष गंगवार से मिलकर आजसू पार्टी का प्रतिनिधिमंडल ज्ञापन सौंपेगा।

बैठक को पार्टी के केन्द्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी, केंद्रीय महासचिव राजेन्द्र मेहता, पार्वती देवी, रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, रांची जिला परिषद उपाध्यक्ष वीणा देवी ने संबोधित किया।

बैठक में जयपाल सिंह, हरीश सिंह, नमन ठाकुर, ज्ञान सिन्हा, परवाज खान, वीरेंद्र तिवारी, ओम वर्मा, सज्जाद आलम, युवा अमित यादव सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak