home page

संगठन की ताकत समर्पित कार्यकर्ता, पुनर्गठन से मिलेगी नई ऊर्जा : सुदेश

 | 
संगठन की ताकत समर्पित कार्यकर्ता, पुनर्गठन से मिलेगी नई ऊर्जा : सुदेश


बोकारो, 24 नवंबर (हि.स.)। आजसू पार्टी बोकारो जिला कार्यसमिति की बैठक मंगलवार को पेटरवार स्थित वन सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित थे। वहीं कार्यक्रम में गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। संगठन की मजबूती केवल पदों और जिम्मेदारियों से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनता के बीच उनकी निरंतर उपस्थिति और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से तय होती है।

उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और मजबूती देने के उद्देश्य से सांगठनिक पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू कर रही है। आगामी 20 दिसंबर को होने वाले चुनाव के माध्यम से सक्रिय, समर्पित, संघर्षशील और जनाधार वाले कार्यकर्ताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। हमारा लक्ष्य बोकारो जिले के प्रत्येक प्रखंड, पंचायत, गांव और नगर स्तर तक संगठन को मजबूत एवं जनोन्मुखी बनाना है।

आगे उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में पूरी सक्रियता के साथ भाग लेने और आम जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने का आह्वान किया। सुदेश ने कहा कि पार्टी की विचारधारा, नीतियों और जनहित के संकल्पों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। संगठन जितना मजबूत और जनसरोकारों से जुड़ा होगा, जनता की आवाज उतनी ही प्रभावी तरीके से उठाई जा सकेगी।

सांगठनिक चुनाव पार्टी को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अवसर : चंद्र प्रकाश

वहीं गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने भी संगठनात्मक एकजुटता, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सांगठनिक चुनाव पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और समर्पण के साथ संगठन के विस्तार में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

बैठक में सांगठनिक पुनर्गठन के तहत बोकारो जिले की सभी प्रखंड और नगर कमेटियों को तत्काल प्रभाव से भंग करने का निर्णय लिया गया।

साथ ही, आगामी 20 दिसंबर को सभी प्रखंड एवं नगर कमेटियों का सांगठनिक चुनाव कराने की भी घोषणा की गई।

वहीं चंद्रपुरा की उप प्रमुख रिंकी कुमारी को आजसू पार्टी की महिला जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

वहीं सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने और पार्टी की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न प्रखंडों एवं नगर कमेटियों में प्रभारियों की नियुक्ति भी की गई।

बैठक की अध्यक्षता बोकारो जिलाध्यक्ष सचिन महतो ने की, जबकि संचालन जिला सचिव नरेंद्र महतो ने किया।

बैठक में पार्टी के जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधि सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak