home page

हीना बीबी को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर आजसू का कैंडल मार्च

 | 
हीना बीबी को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर आजसू का कैंडल मार्च


बोकारो, 08 मई (हि.स.)। अलकुशा गांव में आजसू पार्टी की ओर से खालिद अंसारी मामले में इंसाफ की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला गया। यह मार्च बोदरो मोड़ से शुरू होकर अलकुशा मोड़ स्थित निर्मल चौक तक जुलूस के रूप में पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई।

कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं आजसू कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और हीना बीबी को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

सभा को संबोधित करते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष बबीता कुमारी ने कहा कि हीना बीबी पिछले चार वर्षों से इंसाफ के लिए भटक रही हैं। पहले उनके पति के लापता होने का मामला सामने आया और अब कब्रिस्तान से कथित नरकंकाल मिलने के बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन केवल खानापूर्ति कर रहा है। बरामद कंकाल वास्तव में खालिद अंसारी का है या नहीं, इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।

आजसू की वरीय नेत्री रजनी रवानी ने कहा कि हीना बीबी को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस चार वर्षों से लापता खालिद अंसारी को मृत बताकर मामले को समाप्त करने की कोशिश कर रही है, जबकि मृतक की पत्नी स्वयं जांच से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आजसू पार्टी न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएगी।

रजनी रवानी ने छात्रा पुष्पा महतो लापता कांड का जिक्र करते हुए कहा कि उस मामले में भी बाद में हत्या का खुलासा हुआ था। यदि पुलिस ईमानदारी से जांच करे तो इस मामले की भी सच्चाई सामने आ सकती है।

आजसू जिलाध्यक्ष सचिन महतो ने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ हीना बीबी और उनके दो बच्चों के साथ खड़ी है तथा इंसाफ की लड़ाई में हर संभव सहयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम में दुर्गा चरण महतो, गायत्री देवी, ज्योतिलाल महतो, सुशैन रजवार, मुखिया रोहित रजक, उपमुखिया प्रतिनिधि लखिंदर, सदर मोफिजुद्दीन, आताब, नवी हुसैन, परवेज, काशिम साई, हाकिम साई, आदरी देवी, मिथिलेश महतो, युधिष्ठिर हाजरा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार