विद्युतकर्मियों की समस्याओं को लेकर नौ को जीएम से मिलेगा संघ
रांची, 08 अक्टूबर (हि.स.)।
झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय नौ अक्टूबर 2026 को जमशेदपुर में विद्युत आपूर्ति क्षेत्र जमशेदपुर से जुड़े विद्युतकर्मियों एवं मानव दिवस कर्मियों की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर महाप्रबंधक, विद्युत आपूर्ति क्षेत्र जमशेदपुर से मुलाकात कर वार्ता करेंगे।
मजदूरों की समस्याओं को लेकर अपनी बातों को विस्तार से रखेंगे। अजय राय ने गुरूवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि विद्युत कर्मी लंबे समय से अपनी लंबित समस्याओं के समाधान पर महाप्रबंधक से बातें रखी है। लेकिन इसके समाधान की दिशा में बेहतर कदम नहीं उठाया जा रहा है। उनके कार्यस्थल से जुड़े मुद्दों को विभागीय स्तर पर मजबूती से उठाने की मांग पर वे जमशेदपुर जाएंगे।
जमशेदपुर में मानव दिवस कर्मियों के लंबित मानदेय, भुगतान में हो रही देरी, सेवा संबंधी समस्याओं, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य श्रमिक हितों से जुड़ी कई अहम मांगों पर चर्चा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महाप्रबंधक के समक्ष विद्युतकर्मियों की तमाम समस्याओं को रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग करेंगे।
उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में विद्युतकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। विपरीत परिस्थितियों में भी ये कर्मी लगातार अपनी सेवाएं देते रहते हैं और उनके साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार करना बेहद गलत है। उनकी लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान आवश्यक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

