home page

बिनोद बिहारी को एटक की राष्ट्रीय परिषद में मिली जगह

 | 
बिनोद बिहारी को एटक की राष्ट्रीय परिषद में मिली जगह


चतरा, 28 नवंबर (हि.स.)।

देश के पुराने मजदूर संगठनों में शामिल ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) के 43 वें राष्ट्रीय महाधिवेशन में चतरा जिले के सिमरिया निवासी बिनोद बिहारी पासवान को राष्ट्रीय परिषद का सदस्य चुना गया है।

उनके चयन से क्षेत्र के मजदूर संगठनों में खुशी है। बेंगलुरु में आयोजित पांच दिवसीय महाधिवेशन में नई राष्ट्रीय कमेटी की घोषणा की गई। महाधिवेशन में देशभर के विभिन्न उद्योगों, संगठित एवं असंगठित क्षेत्रों, सेवा क्षेत्र और स्कीम वर्कर्स के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अधिवेशन में तमिलनाडु के सांसद के. सुब्बारायण को एटक का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया, जबकि अमरजीत कौर को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं पिछले तीन कार्यकाल से अध्यक्ष रहे रमेंद्र कुमार को स्वास्थ्य कारणों से इस बार जिम्मेदारी से विश्राम दिया गया। झारखंड से धनबाद के सांसद दुलू महतो और बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो सहित कुल 15 सदस्यों को राष्ट्रीय परिषद में शामिल किया गया है। इनमें बिनोद बिहारी पासवान के अलावा ओमप्रकाश सिंह, बैजनाथ सिंह, रामाश्रय सिंह, सत्येंद्र कुमार, विंध्याचल, राजीव कुमार, नरेश मंडल, सोनिया देवी और पशुपति कोल सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।

वहीं लखन लाल महतो को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इधर, एटक मगध-संघमित्रा से जुड़े दीपांशु कुमार सहित अन्य ने बिनोद बिहारी पासवान सहित नवनिर्वाचित राष्ट्रीय पदाधिकारियों और परिषद सदस्यों को बधाई दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी