home page

एयरपोर्ट विस्थापित मोर्चा का घेराव और प्रदर्शन सात को

 | 
एयरपोर्ट विस्थापित मोर्चा का घेराव और प्रदर्शन सात को


रांची, 04 जुलाई (हि.स.)।

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट विस्थापित मोर्चा ने मूल रैयतों की भूमि से जुड़े मुद्दों को लेकर सात जुलाई 2026 को जिला भू-अर्जन कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय घेराव-प्रदर्शन की घोषणा की है। इसकी जानकारी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अजीत उरांव ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी।

अजीत उरांव ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि मोर्चा का आरोप है कि मूल रैयतों की कुछ जमीन का विधिवत अधिग्रहण किए बिना सेना की ओर से कब्जा कर लिया गया है। इस संबंध में ग्रामीण लंबे समय से संबंधित दस्तावेजों और जानकारी की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक स्पष्ट जवाब नहीं मिलने से उनमें आक्रोश है। इसी के विरोध में घेराव-प्रदर्शन का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दिन सभी ग्रामीण और रैयत पहले जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के समीप एकत्र होंगे। वहां से प्रदर्शनकारी पैदल मार्च करते हुए जिला भू-अर्जन कार्यालय पहुंचेंगे और अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे।

मोर्चा ने कहा कि प्रशासन से भूमि अधिग्रहण से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक करने और रैयतों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की जाएगी। मोर्चा ने अधिक से अधिक प्रभावित ग्रामीणों और रैयतों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar