home page

एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल में आपदा से निपटने की तैयारियों की परखी गई क्षमता

 | 
एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल में आपदा से निपटने की तैयारियों की परखी गई क्षमता


एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल में आपदा से निपटने की तैयारियों की परखी गई क्षमता


पूर्वी सिंहभूम,13 जुलाई (हि.स.)। संभावित हवाई हमले, बड़े हादसे और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए सोमवार को जमशेदपुर में व्यापक एयर रेड, ब्लैकआउट और मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

भारत सरकार के गृह मंत्रालय और झारखंड के नागरिक सुरक्षा आयुक्त रमेश गोलप (भाप्रसे) के निर्देश पर आयोजित यह अभ्यास बिष्टुपुर स्थित महारानी मेंशन और सर्किट हाउस परिसर में संपन्न हुआ। मॉक ड्रिल का संचालन उपायुक्त सह नियंत्रक सिविल डिफेंस राजीव रंजन (भाप्रसे) और अनुमंडल पदाधिकारी सह उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा अर्णव मिश्रा (भाप्रसे) के मार्गदर्शन में किया गया।

अभ्यास के दौरान काल्पनिक हवाई हमले की स्थिति तैयार की गई। सायरन बजते ही सिविल डिफेंस, पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस सेवा, गृह रक्षवाहिनी, एनसीसी और अन्य राहत एजेंसियों की टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं। राहत एवं बचाव दल ने प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया। साथ ही आग लगने, ब्लैकआउट और भीड़ प्रबंधन जैसी परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का भी परीक्षण किया गया।

जिला प्रशासन ने बताया कि ऐसे मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी आपदा या आपात स्थिति में जनहानि को न्यूनतम करना,राहत और बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना एवं विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक