home page

रांची के ब्रिजफोर्ड स्कूल में एआई व रोबोटिक्स लैब का उद्घाटन, मंत्री शिल्पी ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

 | 
रांची के ब्रिजफोर्ड स्कूल में एआई व रोबोटिक्स लैब का उद्घाटन, मंत्री शिल्पी ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित


रांची, 05 मई (हि.स.)। झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि छात्रों को तकनीकी ज्ञान में भी दक्ष बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस शिक्षा ही बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर सकती है।

मंत्री मंगलवार को तुपुदाना स्थित ब्रिजफोर्ड स्कूल में आयोजित अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और रोबोटिक्स लैब का उद्घाटन किया, जो छात्रों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कक्षा दसवीं के एआईएसएसई टॉपर्स, विभिन्न विषयों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के प्री-नर्सरी से लेकर 10वीं कक्षा तक के टॉपर्स को पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर छात्रों ने एआई और रोबोटिक्स से जुड़े विभिन्न मॉडलों का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों ने काफी सराहा।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। छात्रों ने स्वागत गीत के साथ झारखंड की पारंपरिक संस्कृति को दर्शाते हुए नागपुरी नृत्य की ऊर्जावान प्रस्तुति दी, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।

स्कूल की उपाध्यक्ष प्रियंका जालान ने कहा कि विद्यालय अपने मेधावी छात्रों की उपलब्धियों पर गर्व करता है। उन्होंने बताया कि एआई और रोबोटिक्स लैब के माध्यम से छात्रों को भविष्य की तकनीक से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे आधुनिक युग की चुनौतियों का सामना कर सकें।

वहीं, स्कूल की प्राचार्य मुनीष दुबे ने कहा कि ब्रिजफोर्ड स्कूल का लक्ष्य ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है, जहां हर छात्र अपनी प्रतिभा को पहचान सके और उसे विकसित कर सके।

कार्यक्रम का संचालन कक्षा 12वीं के छात्र आयुष कुमार सिंह और छात्रा नव्या रामटेक ने किया, जबकि अंत में प्राचार्य मुनीष दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar