लंबित मानदेय को लेकर एजेंसी कर्मियों ने दिया धरना
देवघर, 19 सितंबर (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग में एजेंसी के माध्यम से कार्यरत कर्मियों के बकाया मानदेय को लेकर देवघर सदर अस्पताल के कर्मियों ने शनिवार को अस्पताल गेट के पास धरना दिया।
धरना दे रहे कर्मियों ने बताया कि वे सभी समानता कंपनी के अधीन कार्यरत हैं और लगातार ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद पिछले पांच माह से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। कर्मियों ने कहा कि मानदेय नहीं मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। राशन दुकानदारों ने उधार देना बंद कर दिया है, वहीं बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने में भी परेशानी हो रही है।
कर्मियों ने बकाया मानदेय का अविलंब भुगतान, प्रत्येक माह 05 तारीख तक मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने, कर्मियों के वेतन से काटी जा रही पीएफ राशि नियमित रूप से खाते में जमा करने और पारिश्रमिक में बढ़ोतरी समेत अन्य मांगें रखी।
कर्मियों ने एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर पूर्व से कार्यरत कर्मियों को कई महीनों से मानदेय नहीं दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर एजेंसी की ओर से लगातार नए कर्मियों की बहाली की जा रही है। कर्मियों ने इसे लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले से कार्यरत कर्मियों के बकाया मानदेय का भुगतान होना चाहिए।
धरना के बाद कर्मियों ने मांगों से संबंधित ज्ञापन सीएचसी प्रभारी डॉ गुडाकेश को सौंपा। कर्मियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखने पर विचार किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में आशा बाला, मुन्ना तुरी, चंदन राउत, अनिल कुमार राम, लक्ष्मण हांड़ी, प्रतिमा देवी, ममता देवी, ज्योत्स्ना देवी, खुशबू देवी, रिखिया देवी सहित बड़ी संख्या में एजेंसी के कर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

