home page

झारखंड पात्रता परीक्षा को संपन्न कराने पर प्रशासनिक तैयारियां तेज

 | 
झारखंड पात्रता परीक्षा को संपन्न कराने पर प्रशासनिक तैयारियां तेज


रांची, 12 जून (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 (जेट) को पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को समाहरणालय स्थित ब्लॉक-ए सभागार में शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजुनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने की।

बैठक में परीक्षा संचालन से संबंधित सभी मानकों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया गया। अपर जिला दंडाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी, नकल रोकथाम, परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने का निर्देश दिया। समाहरणालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 का आयोजन 14 जून को रांची जिले के पांच उप-केंद्रों पर एक पाली में किया जाएगा।

परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 01 बजे तक होगी। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल, चिकित्सा सुविधा, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी। प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और आयोग की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा को पूरी निष्पक्षता और शांति के साथ संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, सभी गश्ती सह जोनल दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, केंद्र अधीक्षक और परीक्षा से जुड़े अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar