home page

सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, अतिक्रमण हटाने और वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश

 | 
सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, अतिक्रमण हटाने और वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश


रामगढ़, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और शहर को जाम से मुक्त करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता और एसपी मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक हुई। इसमें सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में चुट्टूपालू घाटी में लगातार होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की गई। डीसी ने घाटी में लगी लाइटों की स्थिति की जांच करने, साइन बोर्ड की संख्या बढ़ाने, ओवरस्पीडिंग पर रोक लगाने तथा हाईमास्ट लाइट और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। साथ ही दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा।

हिट एंड रन मामलों की समीक्षा के दौरान डीटीओ राजेश एक्का ने बताया कि इस महीने 20 आवेदकों को प्रति आवेदक दो लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है।डीसी ने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कर प्रभावित परिवारों को समय पर मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

शहर में जाम की समस्या दूर करने के लिए सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया गया। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान काटने और सभी पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा अवैध परिवहन पर रोक लगाने और सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन के लिए सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन (नेक नागरिकों) को सम्मानित करने का भी निर्देश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश