पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पतरातू लेक रिसोर्ट का प्रशासन ने किया निरीक्षण
यातायात, पार्किंग, विधि-व्यवस्था और स्वच्छता को लेकर तैयार होगी समग्र कार्ययोजना
रामगढ़, 29 नवंबर (हि.स.)।
झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में शामिल पतरातु लेक रिजॉर्ट में पर्यटकों के लिए सुविधा का विकास किया जाएगा। रामगढ़ जिले के पतरातू लेक रिसोर्ट में आने वाले पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में रविवार को अंचल अधिकारी पतरातू मनोज कुमार चौरसिया ने पुलिस निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह एवं थाना प्रभारी विकास आर्यन के साथ लेक रिसोर्ट और आसपास के क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने वाहनों के सुचारू आवागमन, पार्किंग की समुचित व्यवस्था, प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा प्रबंधन तथा संवेदनशील स्थलों की पहचान पर विशेष चर्चा की। साथ ही पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मौजूदा व्यवस्थाओं में सुधार की संभावनाएं भी तलाशी गईं।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर
निरीक्षण के दौरान लेक रिसोर्ट एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, कचरे के उचित निस्तारण और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने पतरातू लेक रिसोर्ट की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय संतुलन को सुरक्षित रखते हुए पर्यटन गतिविधियों के संचालन पर जोर दिया।
जिला प्रशासन का उद्देश्य पर्यटकों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए निरीक्षण में सामने आए विभिन्न बिंदुओं के आधार पर समग्र कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि पतरातू लेक रिसोर्ट में पर्यटन गतिविधियों का बेहतर प्रबंधन हो सके और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

