home page

नीट यूजी-2026 परीक्षा को लेकर रांची प्रशासन अलर्ट

 | 
नीट यूजी-2026 परीक्षा को लेकर रांची प्रशासन अलर्ट


रांची, 01 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर रांची जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसके लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने तीन मई 2026 को होने वाली इस परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बताया कि यह परीक्षा रांची जिले के 21 उप-केंद्रों पर एक ही पाली में आयोजित होगी। उपायुक्त ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा की गरिमा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी केंद्र अधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में फर्जी परीक्षार्थियों, नकल, अनुचित साधनों और अन्य अनधिकृत गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए दोषियों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। केंद्र अधीक्षकों, पुलिस प्रशासन सहित अन्य विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए चिकित्सा टीम, एंबुलेंस, अग्निशमन दल और अन्य आवश्यक सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिया गया।

बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था, नगर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar