home page

उपराष्ट्रपति के देवघर दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, डीसी ने बैठक कर की सुरक्षा-व्यवस्था पर चर्चा

 | 
उपराष्ट्रपति के देवघर दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, डीसी ने बैठक कर की सुरक्षा-व्यवस्था पर चर्चा


देवघर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के संभावित देवघर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 10 अक्टूबर को प्रस्तावित दौरे को लेकर सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला की सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पीयूष सिन्हा सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।

उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन का फोकस केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसे लेकर भी विशेष रणनीति तैयार की जा रही है।

10 अक्टूबर को उपराष्ट्रपति के देवघर दौरे का प्रमुख कार्यक्रम एम्स देवघर के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होना बताया जा रहा है। इसके बाद उनके दारदर्मारा स्थित पीडी हिंदुजा अस्पताल पहुंचने की भी जानकारी सामने आई है, जहां सेना की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उनके शामिल होने की संभावना है।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन से जुड़े तमाम बिंदुओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।

जिला प्रशासन की कोशिश है कि उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे और वीआईपी मूवमेंट के बावजूद आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

वहीं दूसरी ओर गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने बताया कि नौ और 10 अक्टूबर को भारतीय सेना की ओर से दो दिवसीय सैन्य संपर्क मेले और मेडिकल कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसके समापन कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के शामिल होने की बात कही गई है। सांसद निशिकांत दुबे ने पीडी हिंदुजा अस्पताल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान से जोड़ते हुए इसे युवाओं और समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे