home page

त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, पंडाल से लेकर विसर्जन तक सुरक्षा के कड़े निर्देश

 | 
त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, पंडाल से लेकर विसर्जन तक सुरक्षा के कड़े निर्देश


रांची, 10 सितंबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने गुरुवार को समाहरणालय सभागार में बैठक की। बैठक में पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

राजधानी रांची में आने वाले गणेश चतुर्थी, करम पर्व, दुर्गापूजा, दीपावली, छठ और काली पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा, ट्रैफिक, साफ-सफाई और विसर्जन व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने कई अहम निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त ने पूजा समितियों को पंडाल निर्माण में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। पंडाल में आने-जाने के लिए पर्याप्त रास्ते, इमरजेंसी एग्जिट, सुरक्षित बिजली वायरिंग और अग्निशमन उपकरण की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया कि पंडाल या तोरण द्वार को बिजली के खंभे, ट्रांसफॉर्मर या किसी अन्य विद्युत संरचना से सटाकर नहीं बनाया जाएगा। बिजली विभाग को पूजा पंडालों का नियमित निरीक्षण करने और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

पूजा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाई है। समितियों को तय किए गए विसर्जन मार्ग का ही इस्तेमाल करना होगा। विसर्जन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की एमवीआई जांच, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच और नो-एल्कोहोल टेस्ट के बाद ही वाहन को विसर्जन में शामिल करने का निर्देश दिया गया है।

इसके लिए पूजा समितियों से अंडरटेकिंग भी लेने को कहा गया है। करम पर्व के दौरान तालाबों और पूजा स्थलों पर भीड़ को देखते हुए नगर निगम को साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर क्रेन की व्यवस्था भी रखने का निर्देश दिया गया।

छठ पर्व को लेकर सभी घाटों की समय पर सफाई, पर्याप्त लाइटिंग, सुरक्षित रास्ते और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। ज्यादा भीड़ वाले घाटों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।

दीपावली के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करेगा।

प्रतिबंधित और असुरक्षित पटाखों की बिक्री या इस्तेमाल पर निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को दुकानों और बाजारों में जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान आम लोगों की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पंडाल निर्माण, बिजली व्यवस्था या विसर्जन के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में एसपी सिटी पारस राणा, एसपी ग्रामीण गौरव गोस्वामी, एसपी ट्रैफिक राकेश सिंह, एसडीओ सदर कुमार रजत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थेे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे