home page

एक्युप्रेशर सह चुंबकीय प्रशिक्षण शिविर का समापन, सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र

 | 
एक्युप्रेशर सह चुंबकीय प्रशिक्षण शिविर का समापन, सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र


रांची, 21 अगस्त (हि.स.)। मारवाड़ी महिला समिति, गम्हरिया और डॉ. लालचंद बगड़िया एक्युप्रेशर संस्थान, रांची के संयुक्त तत्वावधान में 16 अगस्त से आयोजित एक्युप्रेशर सह चुंबकीय प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को समापन हुआ। समापन समारोह में मारवाड़ी महिला समिति, गम्हरिया की अध्यक्ष रीना धानुका ने मुख्य अतिथि, संस्थान के पदाधिकारियों और अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्य अतिथि ने महिला समिति के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समिति की महिलाएं समाजसेवा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। उन्होंने भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

संस्थान के अध्यक्ष रामा शंकर बगड़िया ने बताया कि 28 वर्ष पूर्व ब्रह्मलीन गुरुदेव ने जमशेदपुर के तुलसी भवन में एक्युप्रेशर सह चुंबकीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया था। 28 वर्ष बाद गम्हरिया में दोबारा इस तरह का शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने महिला समिति से प्रतिदिन दो घंटे एक्युप्रेशर चिकित्सा केंद्र संचालित करने पर विचार करने का आग्रह किया और संस्थान की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया।

कटक से आए प्रशिक्षक सोमित्रो दास ने प्रशिक्षण दिया। समापन समारोह में प्रशिक्षण के परिणाम घोषित किए गए। पूनम तुल्सयान ने प्रथम, माया शर्मा ने द्वितीय और चरणजीत कौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद सुरेंद्र ने ब्रह्मलीन गुरुदेव के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। सचिव मधु जालान ने धन्यवाद ज्ञापन किया। आयोजन को सफल बनाने में संस्थान और महिला समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सहयोग रहा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar