त्योहारों में शांति भंग करने वालों पर होगी कडी कार्रवाई : डीसी
रामगढ़, 16 मार्च (हि.स.)। आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व के मद्देनजर सोमवार को डीसी फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता और एसपी अजय कुमार की उपस्थिति में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। इस दौरान डीसी और एसपी ने सभी पर्व को भाईचारगी के साथ शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के लिए शान्ति समिति के सदस्यों से सुझाव लिया। डीसी ने सभी को आगामी त्योहारों की बधाई दी। वहीं शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न करने में अपना योगदान देने की अपील की।
बैठक के दौरान डीसी ने कहा कि हर बार की तरह इस बार भी प्रशासन शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न कराने के लिए पूरी तरह से तैयार है। अलग-अलग क्षेत्र में स्थलों को चिन्हित किया गया है, जहां पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्त रहेगी। इसके साथ ही दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की ओर से गश्ती कर प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी। शांति समिति के सभी सदस्यों को पर्व के दौरान शराब पीकर या किसी अन्य नशे की हालत में किसी भी व्यक्ति को जुलूस में शामिल न होने देने की बात कही। वहीं उन्होंने कहा कि यदि पर्व के दौरान किसी भी क्षेत्र में इस तरह से कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न कराने को लेकर एसपी अजय कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को उनके क्षेत्र में शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा। प्रत्येक अखाड़ा के लिए वॉलिंटियर चिन्हित कर लगातार उनके साथ संपर्क में रहने का निर्देश दिया। साथ ही सभी थाना प्रभारी को पर्व के दौरान निकाले जाने वाले जुलूस में निर्धारित रूट चार्ट का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में एसडीओ अनुराग कुमार तिवारी ने जिला वासियों से अपील किया कि वे सोशल मीडिया में बिना पुष्टि किए कोई भी पोस्ट को शेयर न करें। उन्होंने पर्व के दौरान सोशल मीडिया में भ्रामक और अफवाह फैलाने वाले पोस्ट करने वाले लोगों की चिन्हित कर कार्रवाई करने की बात कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

