home page

परिवार नियोजन लक्ष्य में लापरवाही बरतनेवाले जिलों पर होगी कार्रवाई

 | 
परिवार नियोजन लक्ष्य में लापरवाही बरतनेवाले जिलों पर होगी कार्रवाई


रांची, 27 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड में परिवार नियोजन कार्यक्रम के लक्ष्य समय पर पूरा नहीं करने वाले जिलों और प्रखंडों पर कार्रवाई की जाएगी। खराब प्रदर्शन करनेवाले जिला 15 दिनों के भीतर अपनी कार्यशैली में सुधार लाते हुए लक्ष्य पूरा करने की दिशा में कार्रवाई नहीं करेंगे तो उनपर कार्रवाई होगी। यह बातें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने मंगवार को कही।

अभियान निदेशक नामकुम स्थित आईपीएच सभागार में परिवार नियोजन लॉजिस्टिक्स प्रबंधन सूचना प्रणाली (एफपी-एलएमआईएस) को ड्रग्स एंड वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूशन मैनेजमेंट सिस्टम (डीवीडीएमएस) के माध्यम से संचालित करने की बात पर आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय उन्मुखीकरण सह समीक्षात्मेक कार्यशाला के समापन समारोह में बोल रहे थे।

मौके पर निदेशक ने कहा कि सभी जिलों को कार्य योजना बनाकर निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य हासिल करना होगा। राज्य के 24 जिलों के प्रदर्शन की समीक्षा के दौरान खराब प्रदर्शन करने वाले जिलों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। ऐसे जिला आगामी 15 दिनों में अपनी कार्यशैली में सुधार कर लक्ष्य को पूरा करें। ऐसे नहीं होने पर कडी कार्रवाई की जाएगी।

कार्यशाला में गर्भ निरोधक साधनों की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने और आपूर्ति व्यवस्था मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। इस दौरान डीवीडीएमएस पोर्टल के संचालन, मांग-आपूर्ति में समन्वय, स्टॉक प्रबंधन और समयबद्ध रिपोर्टिंग पर चर्चा हुई। स्वास्थ्य संस्थानों में सामग्री की कमी और जरूरत से अधिक भंडारण की स्थिति कम करने पर भी जोर दिया गया। कार्यशाला में निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ प्रभात कुमार, डॉ राहुल किशोर सिंह, डॉ पुष्पा, राजेश कुमार पचौरी, ध्रुव कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar