home page

संगठित अपराध पर रामगढ़ पुलिस का शिकंजा, दो कुख्यात अपराधियों पर सीसीए के तहत कार्रवाई

 | 
संगठित अपराध पर रामगढ़ पुलिस का शिकंजा, दो कुख्यात अपराधियों पर सीसीए के तहत कार्रवाई


रामगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले में संगठित अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए रामगढ़ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अपराधियों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखने और जिले में विधि-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के उद्देश्य से दो कुख्यात अपराधकर्मियों के खिलाफ झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (सीसीए), 2002 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के न्यायालय ने दोनों अपराधियों के विरुद्ध आदेश पारित किया है।

सीसीए की धारा 3(3)(b)(i), (ii) एवं (iii) के तहत जारी आदेश के अनुसार पतरातू थाना क्षेत्र के रोचाप निवासी दिलावर खान उर्फ दिलावर अंसारी, पिता स्वर्गीय गुलाम नवी तथा रिवर साइड, भुरकुंडा निवासी रिंकु सिंह उर्फ राजेंद्र कुमार, पिता बसावन सिंह को अगले तीन महीने तक प्रत्येक सप्ताह एक दिन संबंधित थाने में उपस्थित होकर अपनी हाजिरी दर्ज करानी होगी।

प्रशासन ने दोनों अपराधकर्मियों पर निगरानी और नियंत्रण के लिए अतिरिक्त शर्तें भी लागू की हैं। आदेश के मुताबिक, यदि उनके पास कोई लाइसेंसी हथियार है तो उसे तत्काल संबंधित थाने में जमा कराना होगा। सीसीए की निर्धारित अवधि के दौरान वे किसी भी परिस्थिति में अपने पास हथियार नहीं रख सकेंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन करने या निर्धारित शर्तों का पालन नहीं करने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 की धारा 25 सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

रामगढ़ पुलिस का कहना है कि जिले में संगठित आपराधिक गिरोहों, आपराधिक गतिविधियों और अपराधकर्मियों की संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। आम नागरिकों की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश