डीएसपीएमयू में शिक्षकों की कमी पर एसीएस ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन
रांची, 04 अप्रैल (हि.स.)। आदिवासी छात्र संघ (एसीएस) की डीएसपीएमयू इकाई की ओर से छात्रों ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में शिक्षकों की कमी और आधारभूत सुविधाओं के मुद्दे पर शनिवार को कुलपति प्रो राजीव मनोहर को ज्ञापन सौंपा गया।
यह ज्ञापन एसीएस इकाई अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में दिया गया। मौके पर एसीएस अध्यक्ष विवेक तिर्की ने कहा कि शिक्षकों की कमियों सहित अन्य समस्याओं को लेकर कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष मांगे उठाई जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों में पर्याप्त कक्षाओं की व्यवस्था करने और स्थायी और योग्य शिक्षकों की जल्द नियुक्ति की मांग की। साथ ही जनजाति एवं क्षेत्रीय विभाग (टीआरएल) सहित अन्य विभागों में आधारभूत सुविधाओं की कमी पर भी चिंता जताई।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो एसीएस आंदोलन करने को बाध्य होगा और छात्रों के अधिकारों से समझौता नहीं किया जाएगा। ज्ञापन में बताया गया कि कुड़ुख, हो, खरिया, खोरठा, कुरमाली, मुंडारी, नागपुरी, पीपीजी एवं संथाली जैसे विभागों में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर को मिलाकर मात्र 02-03 शिक्षक ही कार्यरत हैं। इससे नियमित कक्षाओं का संचालन बाधित हो रहा है और छात्रों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।
कुलपति से मुलाकात करनेवालों में मुख्य रूप से एसीएस के अजीत महतो, उमेश गोप, विवेक तिर्की सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

