धोखाधड़ी कर लाखों रूपये की ठगी का आरोपित पाकुड़ से गिरफ्तार
दुमका, 23 जून (हि.स.)। बीएड में नामांकन कराने के नाम पर लाखों की ठगी करने के आरोप में नगर थाना पुलिस ने पाकुड़ जिला के हिरणपुर थाना अन्तर्गत लखनपुर गांव से एक आरोपित मो.कमल हसन अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई शहर के नगर थाना क्षेत्र के रसिकपुर लिची बगान निवासी मिथिलेश कुमार के लिखित बयान पर की है। आरोप है कि मो.कमल हसन अंसारी बीएड व नौकरी दिलाने के नाम पर कई छात्रों से लाखों रूपये की ठगी कर चुका है। आरोपित ने दुमका के मिथिलेश कुमार से भी बीएड में नामांकन कराने के नाम पर 1.40 लाख रूपये की ठगी की थी। रूपये देने के बाद भी बीएड में नामांकन नहीं हो पाया। नामांकन नहीं होने पर आरोपी से रूपये की मांग की गई। रूपये देने में आरोपित आना-कानी करने लगा। उसने आरोपित को ऑनलाइन रूपए दिए थे। बार-बार मांगने के बाद भी रूपए नहीं दिए जा रहे थे। अंत में मिथिलेश ने 5 फरवरी को नगर थाना में मो.कमल हसन अंसारी के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच करते हुए 23 जून को आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस आरोपित को दुमका लेकर आई। नगर थाना में पूछताछ के बाद उसे केन्द्रीय कारा भेज दिया गया। अनुसंधानकर्ता का कहना है कि आरोपित पर अन्य कई छात्रों से भी नौकरी व बीएड में नामांकन कराने के नाम पर ठगी करने का आरोप है। लेकिन थाना में मिथिलेश कुमार ने ही लिखित आवेदन दिया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

