चोरी की बाइक के साथ आरोपित गिरफ्तार
रांची, 16 अक्टूबर (हि.स.)। रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान आदिल गद्दी उर्फ काटी उर्फ सेम उर्फ दिलकश गद्दी के रूप में हुई है। वह नामकुम थाना क्षेत्र के मौलाना आजाद कॉलोनी, गली नंबर-3 का निवासी बताया गया है।
थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा ने शुक्रवार को बताया कि 14 अक्टूबर को कमला कांत रोड, नौवा टोली निवासी मनीष कुमार दुबे ने सुखदेवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी रॉयल एनफील्ड (बुलेट) मोटरसाइकिल, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 01 सीजी 5360 है, किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर ली है। शिकायत के आधार पर सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 341/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली। इसके आधार पर पहाड़ी मंदिर के पीछे अखड़ा के पास छापेमारी की गई। पुलिस ने वहां से आदिल गद्दी को पकड़ा और उसके पास से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने बुलेट चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सदर, हिन्दपीढ़ी, डोरंडा और लोअर बाजार थाना क्षेत्रों में चोरी, लूट सहित विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

