रांची के सिरमटोली ब्रिज पर हादसा, स्कूटी सीख रहे युवक की मौत
रांची, 24 मार्च (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित सिरमटोली ब्रिज पर सोमवार रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान क्लाजिस केरकेट्टा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, युवक सिरमटोली ब्रिज पर स्कूटी चलाना सीख रहा था। इसी दौरान उसकी स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया।
चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

