home page

सड़क हादसे में बड़े भाई की मौत, छोटा भाई घायल

 | 
सड़क हादसे में बड़े भाई की मौत, छोटा भाई घायल


लातेहार, 04 जुलाई (हि.स.)।जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के चंपा घाटी स्थित तीखे मोड़ पर शनिवार को सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। मृतक की पहचान बेंगलुरु (कर्नाटक) निवासी यशवंत नायक के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार कर्नाटक से पटना जा रही एक इलेक्ट्रिकल लिफ्ट वाहन चंपा घाटी के खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। हादसे में बेंगलुरु निवासी यशवंत नायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई लौकेश नायक घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसआई इंद्रदेव रजवार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला । घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घायल युवक ने बताया कि वाहन मालिक मंजुल स्वयं वाहन चला रहा था, लेकिन दुर्घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार