home page

एसीबी ने बड़गाईं अंचल के वर्तमान और पूर्व सीओ सहित 10 को भेजा नोटिस

 | 
एसीबी ने बड़गाईं अंचल के वर्तमान और पूर्व सीओ सहित 10 को भेजा नोटिस


रांची, 25 फरवरी (हि.स.)। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की जमीन पर अवैध कब्जा और फर्जी खरीद-बिक्री के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई की है।

अधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि एसीबी ने बड़गाईं अंचल कार्यालय के वर्तमान और तत्कालीन अंचल अधिकारी (सीओ), अंचल कर्मियों, स्थानीय अमीन, राजस्व कर्मचारियों और कथित जमीन दलालों सहित कुल 10 लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया है।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के बाद रिम्स जमीन बिक्री मामले की जांच एसीबी को सौंपी गई थी। इसी क्रम में जांच तेज करते हुए यह कार्रवाई की गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वर्ष 1993 के बाद अधिग्रहित जमीन पर अवैध कब्जा और गलत तरीके से रजिस्ट्री किए जाने के प्रमाण मिले हैं। रिकॉर्ड उपलब्ध होने के बावजूद दाखिल-खारिज और निबंधन की प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही और संभावित मिलीभगत की बात भी जांच में उजागर हुई है।

एसीबी सूत्रों के अनुसार, अब तक मिले दस्तावेजों और दर्ज बयानों के आधार पर संबंधित लोगों की भूमिका चिन्हित की जा रही है। आरोप है कि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से रिम्स की अधिग्रहित जमीन का म्यूटेशन और रजिस्ट्री निजी व्यक्तियों के नाम कर दी गई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे