डीयू में एबीवीपी की प्रचंड जीत राष्ट्रवादी विचार की जीत : आदित्य
रांची, 19 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी ) की शानदार जीत पर छात्र-छात्राओं एवं एबीवीपी के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए इसे युवाओं के विश्वास और राष्ट्रवादी विचार की जीत बताया है।
उन्होंने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि दिल्ली में जिस प्रकार देश विरोधी ताकतें युवाओं के बीच भ्रम फैला रही हैं, बावजूद इसके सभी सीट पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जीत के मायने काफी अहम हैं। युवा शक्ति को भ्रमित करने और नकारात्मक राजनीति के जरिए गुमराह करने की कोशिशों को छात्रों ने अपने मत से जवाब दे दिया है। पुनः प्रमाणित हो गया कि छात्र शक्ति, राष्ट्र शक्ति के साथ जुड़ी हुई है।
यह केवल एबीवीपी की छात्रसंघ चुनाव की जीत नहीं, बल्कि युवाओं के विश्वास, राष्ट्रवाद, विकास और सकारात्मक छात्र राजनीति की जीत है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एबीवीपी के कार्यकर्ता छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी को और मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक कार्य करें।
वहीं प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने परिषद के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि देश का युवा अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार, विकास और राष्ट्रहित की राजनीति को पसंद करता है। दिल्ली विश्वविद्यालय देश के अलग-अलग प्रदेशों और विभिन्न सामाजिक पृष्ठभूमि से आने वाले युवाओं का प्रतिनिधित्व करता है।
ऐसे में यहां का जनादेश और संकेत काफी दूरगामी है। एबीवीपी की जीत इस बात को मजबूत करती है कि देश का युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण में लगाना चाहता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

