home page

विश्व पर्यावरण दिवस पर एबीवीपी ने चलाया विशेष स्वच्छता अभियान

 | 
विश्व पर्यावरण दिवस पर एबीवीपी ने चलाया विशेष स्वच्छता अभियान


विश्व पर्यावरण दिवस पर एबीवीपी ने चलाया विशेष स्वच्छता अभियान


रांची, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) रांची महानगर इकाई की ओर से शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। ‘सेवा और स्वच्छता’ के संकल्प के साथ आयोजित इस अभियान के माध्यम से परिषद के कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनजागरूकता का संदेश दिया।

अभियान के तहत एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने रांची के कई प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर श्रमदान कर सफाई की। सबसे पहले रांची रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा तथा परिसर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं ने स्टेशन क्षेत्र में फैले कचरे को हटाया और स्वच्छ वातावरण बनाने का प्रयास किया।

इसके बाद बहु बाजार तालाब परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। कार्यकर्ताओं ने तालाब के घाटों और आसपास के क्षेत्रों से कचरा हटाकर जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने का संदेश दिया। परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना होगा।

अभियान के तीसरे चरण में बहु बाजार पार्क में श्रमदान किया गया। कार्यकर्ताओं ने पार्क परिसर की सफाई कर लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा हरित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें तथा प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनसहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी जरूरी है।

परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के बीच प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह प्रकृति के संरक्षण के लिए अपना योगदान दे। एबीवीपी इसी उद्देश्य के साथ लगातार समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है।

स्वच्छता अभियान में प्रदेश सेवार्थ विद्यार्थी संयोजक रवि अग्रवाल, हर्ष यादव, दिव्यांशु कुमार, अंकित तिवारी सहित रांची महानगर इकाई के अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे