झारखंड का भविष्य बनाने के लिए काम कर रही सरकार : कल्पना
रांची, 09 मार्च (हि.स.)। विधानसभा बजट सत्र के दौरान सदन में सोमवार को बजट के कटौती प्रस्ताव के पक्ष में विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि राज्य् सरकार की बजट में वृद्धि और विकास होने के बावजूद विपक्ष को परेशानी होती है, जबकि अबुआ सरकार राजनीति नहीं बल्कि झारखंड का भविष्य बनाने के लिए काम कर रही है। जब से गठबंधन की सरकार बनी है, तब से राज्य का बजट 86 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर एक लाख 58 हजार करोड़ रुपये हो गया है। यानी बजट में करीब 70 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कोरोना काल जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद झारखंड की आर्थिक विकास दर प्रभावित नहीं हुई और राज्य ने लगातार प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि हमारा अबुआ दिशोम बजट सिर्फ एक दस्तावेज नहीं, बल्कि झारखंड का भविष्य, आकांक्षा और स्वाभिमान है। बजट केवल कागजों या आंकड़ों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। राज्य की आधी आबादी युवा, बुर्जूग माताएं बहने हर वर्ग के लिए यह बजट है। बजट की बड़ी राशि, युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने में खर्च की जाएगी।
कल्पना सोरेन ने शिक्षा के क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 40 विद्यार्थियों ने जेईई परीक्षा में सफलता हासिल की है। इससे स्पष्ट होता है कि सही नीतियों का परिणाम जमीन पर दिखाई देता है। उन्होंने बताया कि राज्य में सड़कों का जाल भी तेजी से बढ़ा है और सड़कों की लंबाई 5000 किलोमीटर से बढ़कर 15000 किलोमीटर हो गई है।
रेलवे के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि रेलवे के संचालन में झारखंड की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए केंद्र सरकार से आग्रह है कि झारखंड से जुड़ी रेल परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य के भविष्य को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसके क्रियान्वयन में विपक्ष को भी सहयोग करना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

