home page

सेमिनार में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर करने वाले हुए सम्मानित

 | 
सेमिनार में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर करने वाले हुए सम्मानित


दुमका, 30 अप्रैल (हि.स.)। सड़क सुरक्षा सेमिनार का आयोजन कन्वेंशन सेंटर में गुरूवार को आयोजित किया गया। सेमिनार संथाल परगना प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

इस अवसर पर आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से विभिन्न माध्यमों से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सड़क सुरक्षा सप्ताह और सड़क सुरक्षा माह जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के पालन की जानकारी दी जाती है। उन्होंने कहा कि लोगों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। विशेष रूप से युवाओं तक सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से जागरूकता पहुंचाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े आपातकालीन नंबर सभी के पास उपलब्ध हों, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रारंभ से ही यातायात नियमों की जानकारी दें, ताकि वे भविष्य में इसे गंभीरता से अपनाएं।

इस अवसर पर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाएं और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर जिला परिवहन विभाग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आमजनों से सड़क सुरक्षा से संबंधित सुझाव देने की अपील करते हुए कहा कि प्राप्त सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जीवन अनमोल है और उसे सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।

मौके पर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार