वाहन जांच अभियान में 176 वाहनों से वसूला गया 3.61 लाख जुर्माना
रांची, 09 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) ने सोमवार को तुपुदाना, दलादली, रातु, रिंग रोड और कांके क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर वाहन दस्तावेज़ जांच अभियान चलाया।
अभियान में डीटीओ ने अखिलेश कुमार ने संबंधित वाहन मालिकों से कुल 03 लाख 61 हजार 751 रुपये जुर्माना से संबंधित चालान जारी किया।
यह विशेष अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने, ओवरलोडिंग रोकने, प्रदूषण नियंत्रण और अवैध परिवहन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया गया था।
उल्लेखनीय है कि उपायुक्त ने हाल ही में सड़क सुरक्षा माह और अन्य यातायात संबंधी बैठकों में स्पष्ट निर्देश दिया था कि नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कोई ढील नहीं बरती जाएगी। यह जांच अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अभियान के दौरान जांच किए गए 176 विभिन्न प्रकार के वाहनों (भारी वाहन, यात्री वाहन, व्यावसायिक एवं निजी) की जांच की गई।
टीम ने की इन दस्तावेजों की जांच
- मोटर वाहन कर (टैक्स) का भुगतान स्थिति
- वैध फिटनेस प्रमाण पत्र
- वाहनों का बीमा (इंश्योरेंस)
- प्रदूषण अंतर्गत प्रमाण पत्र (पीयूसी) की वैधता
- आवश्यक परमिट (परिवहन,राष्ट्रीय,स्थानीय)
- चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस
- ओवरलोडिंग की स्थिति और अन्य यातायात नियमों (जैसे हेलमेट, सीट बेल्ट, स्पीड लिमिट) का अनुपालन
वहीं अभियान के दौरान कुल उल्लंघन करने वाले वाले 15 वाहनों (कागजात अपूर्ण, अमान्य या अनुपस्थित होने के कारण) 03 लाख 61 हजार 751 रुपये का दंड से संबंधित चालान जारी किया गया।
जांच के दौरान 02 वाहनों को जब्ता किया गया। इसमें 01 वाहन — रातु थाना में जब्त कर सुरक्षा के लिए रखा गया है और 01 वाहन — कांके थाना में रखा गया है। जब्त वाहनों को संबंधित थानों में सुरक्षित रखा गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।
वहीं उपायुक्त ने कहा कि सड़कें सभी की साझा संपत्ति हैं। नियमों का पालन न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए जरूरी है, बल्कि पूरे समाज की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए भी जरूरी है। हमारा प्रयास है कि रांची की सड़कें सुरक्षित, प्रदूषणमुक्त और सुव्यवस्थित रहें।
उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान नियमित एवं आकस्मिक रूप से जारी रहेंगे। उपायुक्त ने सभी वाहन चालकों, मालिकों और परिवहन संचालकों से अपील की है कि अपने वाहनों के सभी दस्तावेज़ हमेशा पूरा अद्यतन रखें। साथ ही ओवरलोडिंग, बिना पीयूसी, बिना बीमा और लाइसेंस के वाहन चलाने से बचने को कहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

