शादी का झांसा देकर नाबालिग से तीन वर्षों तक किया यौन शोषण, प्राथमिकी दर्ज
रामगढ़, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग का पिछले तीन वर्षों से शारीरिक शोषण हो रहा था। पीड़िता को शादी का झांसा देकर पिछले तीन वर्षों से आसिफ अंसारी नामक युवक शारीरिक संबंध बना रहा था। इस मामले में पीड़िता ने रजरप्पा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। लारी गांव के रहने वाली नाबालिग ने बताया कि कुजू ओपी के बरकट्ठी गांव का रहने वाला आसिफ अंसारी का नानी घर लारी गांव में ही पड़ता है। वह अपने नानी घर में रहकर पिछले तीन वर्षों से उसे अपनी झूठी बातों में फंसा कर रखा है।
उसने पहले शादी का झांसा दिया और फिर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। कई बार उसने धारदार हथियार के दम पर यौन संबंध स्थापित किया। पिछले तीन वर्षों में उसने दो बार गर्भपात भी कराया है। जब गांव वालों को इस अवैध संबंध की भनक लगी तो उन लोगों ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ा। सामाजिक बैठक में यह तय हुआ कि बालिग होने के बाद आसिफ अंसारी उसी लड़की से शादी कर लेगा। इस फैसले पर रजामंदी लड़के के साथ-साथ उसके परिजनों ने भी जताई थी।
पंचायत के फैसले के बाद आसिफ अंसारी ने अनेकों बार उस लड़की के साथ यौन संबंध बनाया। इस बीच भी वह गर्भवती हो गई। जब उसने आसिफ अंसारी को इसकी सूचना दी तो उसने फिर से गर्भपात कराने का प्रयास किया। इस बार उस युवती ने दवा खाने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया। आसिफ अंसारी के नाना के घर में रहने वाले समसुल अंसारी, कादीर अंसारी, इमरान मौलाना, सद्दाम अंसारी, अजरुद्दीन अंसारी, इम्तियाज अंसारी, मुस्ताक उर्फ चरका और शाहिद अंसारी ने रुपये के दम पर उससे पीछा छुड़ाने का प्रयास किया। उसे लगभग छह लाख रुपये का प्रलोभन भी दिया गया। साथ ही किसी दूसरे लड़के से शादी करने की बात कही गई।
जब नाबालिग ने उनकी बातें नहीं मानी तो धमकी देते हुए आसिफ अंसारी ने उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा।
वहीं मामले में रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। साथ ही आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

