home page

पीडी हिंदुजा अस्पताल में 9-10 अक्टूबर को होगा सैन्य संपर्क मेला

 | 
पीडी हिंदुजा अस्पताल में 9-10 अक्टूबर को होगा सैन्य संपर्क मेला


देवघर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। देवघर के दर्दमारा स्थित पीडी हिंदुजा अस्पताल परिसर में नाै और 10 अक्टूबर को दो दिवसीय सैन्य संपर्क मेला का आयोजन किया जाएगा। मेले के दौरान भारतीय सेना की ओर से पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ विभिन्न सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

सैन्य संपर्क मेले में चिकित्सा और दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। वहीं सेना के भर्ती संगठन की ओर से युवाओं को सेना में करियर बनाने और भर्ती प्रक्रिया से संबंधित जानकारी देकर प्रेरित किया जाएगा। पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी।

इसके अलावा पूर्व सैनिकों की शिकायतों के निवारण के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी। मेले में सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कार्यप्रणाली की जानकारी, एनसीसी से संबंधित गतिविधियां एवं कैडेटों की उपस्थिति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। सैन्य बैंड का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

देवघर जिला पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष रामनिवास सिंह ने कहा कि यह पूर्व सैनिकों, उनके परिजनों और युवाओं के लिए काफी लाभकारी कार्यक्रम होने जा रहा है। यहां लोगों को चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलने के साथ सेना में भर्ती होने की प्रक्रिया और करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। साथ ही सैन्य उपकरणों सहित विभिन्न गतिविधियों को करीब से देखने और समझने का अवसर भी मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy