home page

रांची में एनसीबी और पुलिस की कार्रवाई में 97 किलो गांजा बरामद

 | 
रांची में एनसीबी और पुलिस की कार्रवाई में 97 किलो गांजा बरामद


रांची, 02 अक्टूबर (हि.स.)। रांची में गांजा तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 97 किलो गांजा बरामद किया है।

कार्रवाई नगड़ी इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस और एनसीबी की टीम ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारों को घेरकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

एनसीबी अधिकारियों को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप रांची लाई जा रही है। सूचना के आधार पर रांची पुलिस की मदद से नगड़ी इलाके में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान दो कार पुलिस को देखते ही वापस मुड़कर भागने की कोशिश की। उसके पीछे चल रही दूसरी कार के चालक ने भी तेजी से निकलने का प्रयास किया। हालांकि, पहले से सतर्क एनसीबी और रांची पुलिस की टीम ने दोनों वाहनों को घेर लिया।

तलाशी लेने पर एक कार से 97 किलो गांजा बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि तस्करों ने पुलिस की निगरानी से बचने के लिए दो कारों का इस्तेमाल किया था। आगे चल रही कार से रास्ते की रेकी की जा रही थी, जबकि पीछे की कार में गांजे की खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी। अब तक की जानकारी से यह बात सामने आई है कि गांजे की खेप हजारीबाग के बरही तक ले जाया जाना था। इस कारवाई में नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार और उनकी टीम ने भी बेहतरीन काम किया।

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को गांजे के तस्करी होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर रांची पुलिस के जरिये एजेंसी को सहयोग किया गया। इसी क्रम में रांची के नगड़ी इलाके से गांजे की बड़ी खेप बरामद की गई है।

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों में हजारीबाग निवासी शुभम कुमार और सूरज कुमार की पहचान हुई है। तीसरे आरोपी की पहचान और तस्करी के पूरे नेटवर्क को लेकर एनसीबी की टीम पूछताछ कर रही है।

अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में गांजे की खेप के स्रोत, सप्लायर और इसे रांची के बाद कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे