home page

कोच्चि में झारखंड से भेजे 98 बच्चों में 91 का हुआ सफल हृदय ऑपरेशन

 | 
कोच्चि में झारखंड से भेजे 98 बच्चों में 91 का हुआ सफल हृदय ऑपरेशन


रांची, 05 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने पांच सितंबर 2026 को कोच्चि स्थित अमृता हॉस्पिटल में आयोजित कार्यक्रम में जन्मजात हृदय रोग से प्रभावित बच्चों, उनके अभिभावकों और लिटिल हार्ट चैंपियंस को संबोधित किया।

उन्होंने इसपर खुशी जाहिर करते हुए बच्चों की स्वास्थ्य जांच, उपचार और निःशुल्क सर्जरी में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की भूमिका की सराहना की।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

जारी विज्ञप्ति में उन्होंने बताया कि अबतक कुल 98 बच्चों को कोच्चि भेजा गया है, जिनमें 91 बच्चों की सफल हृदय सर्जरी हो चुकी है। अमृता हॉस्पिटल और अमृता फाउंडेशन ने बच्चों के निःशुल्क ऑपरेशन के साथ उनके अभिभावकों के रहने और भोजन की व्यवस्था भी की। रोटरी कोच्चि के सहयोग की भी सराहना की गई।

शशि प्रकाश झा ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सांसद, विधायक और मुखिया से संपर्क करें। साथ ही अपने आसपास कम से कम पांच-पांच जरूरतमंद बच्चों को उपचार के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता तभी मानी जाएगी, जब झारखंड में हृदय रोग से प्रभावित कोई भी बच्चा इलाज से वंचित न रहे। उन्होंने अमृता हॉस्पिटल से झारखंड में ही ऐसी उपचार व्यवस्था विकसित करने का आग्रह किया। अभियान निदेशक ने राज्य समन्वयक एनएचएम मुकेश कुमार और अमृता हॉस्पिटल के जनसंपर्क अधिकारी आदित्य कुमार के योगदान की प्रशंसा की।

कोच्चित के इस कार्यक्रम में मुकेश कुमार, डॉ बृजेश, डॉ कृष्ण कुमार एवं उनकी टीम सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar