home page

प्रोजेक्ट उल्लास शिविर में 65 लोगों के स्वास्थ्य की जांच

 | 
प्रोजेक्ट उल्लास शिविर में 65 लोगों के स्वास्थ्य की जांच


पूर्वी सिंहभूम, 23 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में सोमवार को प्रोजेक्ट उल्लास के अंतर्गत आयोजित निःशुल्क मिर्गी जांच और उपचार शिविर के तीसरे दिन साेमवार काे 65 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने संदिग्ध मरीजों को विस्तृत परामर्श दिया और आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध कराईं। यह शिविर एम्स, नई दिल्ली के विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में संचालित किया जा रहा है।

पोटका प्रखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, हरिणा और हल्दीपोखर में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। जांच के दौरान मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन कर उन्हें आगे की उपचार प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। जिला प्रशासन की पहल पर मिर्गी रोगियों की पहचान, उपचार और दवा वितरण के उद्देश्य से यह अभियान सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है।

उपायुक्त के निर्देश पर जिला स्वास्थ्य समिति इस विशेष अभियान का संचालन कर रही है। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में अगला शिविर लगाया जाएगा। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील किया कि मिर्गी के लक्षण वाले लोगों को चिन्हित कर उन्हें शिविर तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को समय पर समुचित इलाज मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक