स्वामी सदानंद महाराज ने सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम का किया दौरा, 50 नए आधुनिक बिस्तर लगाने की घोषणा
रांची, 22 जुलाई (हि.स.)। प्रणामी ट्रस्ट, पुंदाग की ओर से संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम (सत्य प्रेम सभागार) में बुधवार को स्वामी सदानंद महाराज ने आश्रम का दौरा कर वहां रह रहे निराश्रितजनों एवं सेवादारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और जरूरतमंदों के लिए सुविधाओं के विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि आश्रम में शीघ्र ही 50 आधुनिक सुविधायुक्त नए बेड लगाए जाएंगे। इससे अधिक संख्या में निराश्रित एवं असहाय लोगों को सम्मानजनक आश्रय और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
दौरे के दौरान स्वामी सदानंद महाराज ने आश्रम में रह रहे लोगों के स्वास्थ्य, भोजन, आवास, चिकित्सा और अन्य दैनिक आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने आश्रम में उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी निराश्रित या असहाय व्यक्ति को स्वयं को उपेक्षित महसूस नहीं होना चाहिए। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का नैतिक दायित्व है कि वह ऐसे सेवा कार्यों में आगे बढ़कर सहयोग करे।
उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची प्रभु सेवा है। किसी पीड़ित और जरूरतमंद व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना जीवन की सबसे बड़ी सार्थकता है। उन्होंने समाज से सेवा, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ ऐसे मानवीय कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि वर्तमान में आश्रम में 45 निराश्रित प्रभुजनों को भोजन, आवास, चिकित्सा, वस्त्र सहित सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। आश्रम का उद्देश्य केवल आश्रय प्रदान करना नहीं, बल्कि प्रत्येक निराश्रित व्यक्ति को सम्मानपूर्ण जीवन, सुरक्षा और पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराना भी है।
उन्होंने बताया कि प्रणामी ट्रस्ट लगातार अपनी सेवा गतिविधियों का विस्तार कर रहा है। समाज के सहयोग से भविष्य में आश्रम की क्षमता बढ़ाने, चिकित्सा सुविधाओं को और सुदृढ़ करने तथा अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। 50 नए बेड जुड़ने के बाद आश्रम में और अधिक निराश्रितजनों को आश्रय देने की क्षमता विकसित होगी।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, विजय अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, संजय सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, पंकज पोद्दार सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी, सेवादार एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

