home page

चेंबर चुनाव के नामांकन के पहले दिन 42 लोगों ने जमा किया फॉर्म

 | 
चेंबर चुनाव के नामांकन के पहले दिन 42 लोगों ने जमा किया फॉर्म


रांची, 31 अगस्त (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के कार्यकारिणी समिति और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हुई।

नामांकन के पहले दिन कुल 42 लोगों ने नामांकन फॉर्म जमा किया। नामांकन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 01 सितंबर 2026 की शाम 04 बजे तक है। निर्धारित समय के बाद प्राप्त सभी नामांकन फॉर्म की स्क्रूटनी की जायेगी और इसके बाद प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जायेगी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर और को-चेयरमैन पवन शर्मा ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर संयुक्त रूप से कहा कि प्रत्याशियों के लिए नामांकन फॉर्म के साथ वैध डीन नंबर (डायरेक्टर आइडेंटिफिकेशन नंबर) देना जरूरी है।

डीन नंबर के बिना नामांकन को वैध नहीं माना जायेगा। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 03 सितंबर 2026 की दोपहर 03 बजे तक है। उन्होंने बताया कि नामांकन वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद चुनाव में शामिल सभी प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जायेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak