40वीं जोनल खान बचाव प्रतियोगिता संपन्न, बरका-सयाल टीम ओवरऑल विजेता
रांची, 25 सितंबर (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की 40वीं जोनल खान बचाव प्रतियोगिता का चार दिवसीय आयोजन शुक्रवार को सीसीएल मुख्यालय स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर के संगम सभागार में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि खान सुरक्षा निदेशालय (दक्षिण-पूर्व) के उप-महानिदेशक डॉ. श्याम सुंदर प्रसाद ने सीसीएल की विभिन्न टीमों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने खान बचाव सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने के लिए बचाव कार्यों में नई तकनीकों को शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही आगामी अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सीसीएल को महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
अध्यक्षीय संबोधन में सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने प्रतिभागियों के समर्पण, कड़ी मेहनत और टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि खान बचाव कर्मियों का साहस, समर्पण और तत्परता खनन उद्योग की सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने आगामी अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सीसीएल की प्रतिबद्धता जताई।
इससे पहले सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, उप-महानिदेशक डॉ. श्याम सुंदर प्रसाद, उप-महानिदेशक मनीष चंद्र जायसवाल, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र और निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी सहित अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। केंद्रीय विद्यालय, सीसीएल, राजेंद्र नगर, रांची के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत के साथ नृत्य और नाटक प्रस्तुत किया।
महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) विनोद कुमार ने मुख्य निर्णायक, विभिन्न चरणों में निर्णायक की भूमिका निभाने वाले निर्णायक मंडल तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत किया।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया। बरका-सयाल क्षेत्र की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल खिताब अपने नाम किया। टीम ने रेस्क्यू एंड रिकवरी रिले रेस में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
आम्रपाली और चंद्रगुप्त क्षेत्र की टीम ओवरऑल में दूसरे स्थान पर रही। टीम ने रेस्क्यू रिकवरी में तृतीय, जबकि फर्स्ट एड प्रैक्टिकल और स्टेट्यूटरी में द्वितीय स्थान हासिल किया।
चार दिवसीय प्रतियोगिता में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों की खान बचाव टीमों ने तकनीकी एवं व्यावहारिक स्पर्धाओं में अपने कौशल, साहस, त्वरित निर्णय क्षमता, टीम भावना और बचाव कार्यों में दक्षता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता से खान बचावकर्मियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलने के साथ आपदा की स्थिति में प्रभावी एवं समन्वित बचाव कार्यों के लिए उनकी तैयारियां भी मजबूत हुईं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

