home page

भाजपा के संकल्प अभियान के तहत मध्य प्रदेश से बाबा नगरी पहुंचे 30 इन्फ्लुएंसर

 | 
भाजपा के संकल्प अभियान के तहत मध्य प्रदेश से बाबा नगरी पहुंचे 30 इन्फ्लुएंसर


देवघर, 30 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा, संकल्प और सुशासन को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार काे मध्य प्रदेश से करीब 30 इन्फ्लुएंसर की टीम देवघर पहुंची। टीम ने देवघर में केंद्र सरकार की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं का अवलोकन किया।

इस अवसर पर झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इन्फ्लुएंसर टीम के सदस्यों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने संथाल परगना में केंद्र सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

मौके पर बाबूलाल मरांडी ने देवघर में केंद्र सरकार की प्रमुख परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए देवघर एयरपोर्ट, एम्स देवघर, रोहिणी-जसीडीह रेलवे बाईपास, रिंग रोड, पुनासी जलाशय परियोजना, आशीर्वाद योजना के तहत स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तथा रेलवे लाइन के विस्तार सहित कई विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से देवघर और संथाल परगना के विकास को नई गति मिली है।

इन्फ्लुएंसर टीम के साथ नेता प्रतिपक्ष ने एम्स देवघर का भी निरीक्षण किया। एम्स की सुविधाओं और संस्थान के निर्माण से प्रभावित बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सुदूर संथाल परगना में एम्स जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान का होना पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।

इससे पहले देवघर एयरपोर्ट पहुंचने पर इन्फ्लुएंसर टीम का भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने टीम के सदस्यों का अभिनंदन किया और देवघर की विकास यात्रा से उन्हें अवगत कराया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, प्रदेश मंत्री अमित कुमार सिंह, अमरनाथ चौधरी, सीताराम पाठक, संजय यादव, विशाखा सिंह, अभियानंद झा, सुनीता सिंह, पंकज सिंह भदौरिया, मुकेश पाठक, संतोष मुर्मू, सुलोचना देवी, मनोज मिश्रा, अलका सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थेे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy