स्वास्थ्य विभाग के 262 अभ्यर्थियों को 24 को मिलेगा नियुक्ति पत्र : मंत्री
रांची, 23 जून (हि.स.)।
राज्य सरकार की ओर से बुधवार को स्वास्थ्य विभाग में चयनित 262 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मंत्री इरफान अंसारी ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि नियुक्ति प्राप्त करने वालों में 151 विशेषज्ञ चिकित्सक, 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, 29 सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर और 26 फाइनेंस मैनेजर शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन नियुक्तियों से राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति से सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की नियुक्ति से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी को मजबूती मिलेगी। सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर अस्पतालों के प्रशासनिक संचालन को बेहतर बनाने में भूमिका निभाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में लगभग 11 हजार अतिरिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

