home page

अग्रसेन जयंती पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चे पुरस्कृत

 | 
अग्रसेन जयंती पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चे पुरस्कृत


रांची, 04 अक्टूबर (हि.स.)। अग्रवाल सभा रांची के 50वें श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन रविवार को महाराजा अग्रसेन भवन में किया गया। इस दौरान 250 बच्चों को उनकी उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया।

अग्रवाल सभा की ओर से बच्चों के लिए विभिन्न आयु वर्गों में 15 प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। सभा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पुरस्कार वितरण दो चरणों में हुआ। पहले चरण में अग्रवंशी बच्चों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रतीक मोर रहे। सभा के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने अतिथियों का स्वागत किया। संयोजक सज्जन पाडिया ने अग्रसेन जयंती से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी।

दूसरे चरण में अंतर विद्यालय प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। 20 सितंबर को मारवाड़ी भवन, हरमू में आयोजित महाराजा अग्रसेन अंतर विद्यालय चित्रकला प्रतियोगिता और डॉ राम मनोहर लोहिया ‘जस्ट ए मिनट’ भाषण प्रतियोगिता में शहर के करीब 160 स्कूलों के 1600 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 91 विजेता विद्यार्थियों को रविवार को सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि विजय कुमार बहादुर ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए और विद्यार्थियों को जीवन में बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र केडिया सहित सभा के अनेक पदाधिकारी, सदस्य और कई अभिभावक मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar