home page

रांची में ट्रेड लाइसेंस कैंप से व्यापारियों को बड़ी राहत, मौके पर ही समस्याओं का समाधान

 | 
रांची में ट्रेड लाइसेंस कैंप से व्यापारियों को बड़ी राहत, मौके पर ही समस्याओं का समाधान


रांची, 21 अप्रैल (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और रांची नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को चेंबर भवन में ट्रेड लाइसेंस कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप के माध्यम से व्यापारियों को नया ट्रेड लाइसेंस बनवाने, पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण कराने और होल्डिंग टैक्स जमा करने की सुविधा एक ही स्थान पर प्रदान की गई।

कैंप में 25 से अधिक व्यापारियों ने नया ट्रेड लाइसेंस बनवाया और कई व्यापारियों ने अपने लाइसेंस का नवीनीकरण कराया। इसके अलावा, बड़ी संख्या में व्यापारियों ने ट्रेड लाइसेंस से जुड़ी प्रक्रियाओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी प्राप्त की।

कैंप के दौरान एक व्यापारी की वार्ड परिवर्तन के कारण लाइसेंस निरस्त होने की समस्या का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जिससे अन्य व्यापारियों में भी संतोष देखा गया। वहीं, तीन व्यापारियों ने होल्डिंग टैक्स का भुगतान कर रसीद प्राप्त की।

चेंबर के सिविक एमिनिटी उपसमिति के अध्यक्ष अमित किशोर ने जानकारी देते हुए बताया कि व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बुधवार को भी श्रद्धानंद रोड, अपर बाजार स्थित श्रीराम मेडिकल एजेंसी में इस कैंप का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक व्यापारियों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।

कैंप में चेंबर के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, राजीव चौधरी, किशन अग्रवाल, आनंद जालान सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak