चतरा में 164 किलो गांजा जब्त, तस्कर फरार
चतरा, 28 अक्टूबर (हि.स.)। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन के तहत चतरा पुलिस ने 164 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। गांजा एक सफेद रंग की वरना कार में लादकर ले जाया जा रहा था। पुलिस को देखकर चालक समेत तीन लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सन्नी वर्धन ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक लग्जरी वाहन में गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) का गठन किया गया और सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान चतरा शहर की ओर से आ रही सफेद रंग की वरना कार के चालक ने तेज गति से वाहन निकालने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने वाहन को रोकने की कोशिश की लेकिन चालक चकमा देकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो चालक और वाहन में सवार दो अन्य लोग ग्राम सिकिद स्थित नदी के किनारे कार छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 82 पैकेट गांजा बरामद हुआ। जिसका कुल वजन 164 किलोग्राम बताया गया। पुलिस ने गांजा और यूपी नंबर की वरना कार (रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी-14सीएफ-5803) को विधिवत जब्त कर लिया। इस मामले में सदर थाना (कांड संख्या 448/2026) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। छापेमारी टीम में सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव, वशिष्ठनगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह, सदर थाना के सहायक अवर निरीक्षक सफिक अंसारी तथा सदर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

