होमगार्ड बहाली में 1,108 महिला अभ्यर्थियों ने दी शारीरिक दक्षता परीक्षा
रामगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। जिले में चल रही होमगार्ड बहाली की प्रक्रिया में बुधवार को रामगढ़ के सिद्धू-कान्हू मैदान में रामगढ़ प्रखंड और शहरी गैर-तकनीकी क्षेत्र की महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा आयोजित की गई। निर्धारित कार्यक्रम के तहत हुई परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। दोनों क्षेत्रों को मिलाकर कुल 1,769 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, लेकिन 1,108 महिला अभ्यर्थियों ने ही मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं, 661 अभ्यर्थी अनुपस्थित रही।
रामगढ़ प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों के लिए कुल 428 अभ्यर्थियों का कार्यक्रम निर्धारित था। इनमें से 273 ने परीक्षा में हिस्सा लिया, जबकि 155 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहीं। वहीं, शहरी गैर-तकनीकी क्षेत्र की महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित 1,341 अभ्यर्थियों में से 835 ने परीक्षा में भाग लिया। इस दौरान 506 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहीं।
बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से परीक्षा स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रवेश एवं निकास व्यवस्था से लेकर अभ्यर्थियों के अनुशासन तक पर विशेष निगरानी रखी गई। परीक्षा स्थल पर केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लागू रहा। प्रतिनियुक्त प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।
होमगार्ड बहाली के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, पांच नवंबर को शहरी तकनीकी क्षेत्र के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद छह नवंबर को पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर परीक्षा स्थल पहुंचने तथा बहाली से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

