home page

जमीन विवाद में गिरिडीह के सब रजिस्ट्रार की रामगढ़ में हुई हत्या

 | 
जमीन विवाद में गिरिडीह के सब रजिस्ट्रार की रामगढ़ में हुई हत्या


जमीन विवाद में गिरिडीह के सब रजिस्ट्रार की रामगढ़ में हुई हत्या


मांडू थाना क्षेत्र के रबोध गांव में ईंट से मारकर की गई हत्या

रामगढ़, 30 जून (हि.स.)। गिरिडीह के सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की रामगढ़ में हत्या कर दी गई है। मांडू थाना क्षेत्र अंतर्गत उनके पैतृक गांव रबोध में ही यह वारदात हुई। मंगलवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर उनका झगड़ा गांव के ही कुछ लोगों के साथ हुआ। इस दौरान मारपीट करने आए लगभग एक दर्जन महिला और पुरुष सभी ने मिलकर उन पर जानलेवा हमला किया। इस दौरान उनके सिर पर ईंट से वार किया गया। इस घटना में सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनके परिजनों और गांव वालों ने आनन-फानन में बालेश्वर पटेल को होप हॉस्पिटल में भर्ती कराया। लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

11 डिसमिल जमीन को लेकर था विवाद

जानकारी के अनुसार सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल ने अपने गांव में ही मई महीने में 11 डिसमिल जमीन खरीदी थी। यह जमीन उन्होंने महेश प्रसाद से रजिस्ट्री कराई थी। उस जमीन पर वह अपना घर बनाने के लिए बोरिंग करवा रहे थे। मंगलवार के सुबह जब वह उस जमीन पर सबमर्सिबल पंप लगाकर पाइप बिछा रहे थे। इसी दौरान उन पर जानलेवा हमला हुआ।

हेमंत सरकार में अधिकारी भी सुरक्षित नहीं, जनता बेहाल : विधायक

होप हॉस्पिटल में घटना की सूचना पर पहुंचे मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो ने झारखंड सरकार पर सीधा हमला किया। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। यहां जब अधिकारी ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता का हाल क्या होगा, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। उनके क्षेत्र में दिन दहाड़े और सामाजिक तत्वों ने गिरिडीह में पदस्थापित सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की निर्मम हत्या कर दी। इस मामले के सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार होना चाहिए।

दो अपराधी गिरफ्तार, अन्य के खिलाफ हो रही छापेमारी

घटना की सूचना पर पहुंचे मांडू थाना प्रभारी सदानंद ने कहा कि वारदात के बाद तत्काल कार्रवाई की गई है। इस मामले में फिलहाल दो लोगों को पकड़ा गया है। साथ ही जिन लोगों का भी नाम सामने आया है, उनके खिलाफ छापेमारी चल रही है। रजिस्टर बालेश्वर पटेल के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इस मामले के किसी भी आरोपी को बक्सा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश