home page

पुलिस ने चार साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार

 | 
पुलिस ने चार साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार


देवघर, 11 जून (हि.स.)। साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर जिले में संदिग्ध साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए गए छापेमारी अभियान में पुलिस ने चार आरोपितों को धर दबोचा। उनके पास से 07 मोबाइल फोन और 06 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपितों में कमरूद्दीन अंसारी (21), अब्दुल करीम अंसारी (30), समीर अंसारी (21) और वसीम अंसारी (21) शामिल हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित फर्जी रूप से फ्लिपकार्ट, अमेजन, फोनपे कस्टमर केयर और एयरटेल पेमेंट बैंक के अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेते थे। इसके बाद विभिन्न बहानों से मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर उसका एक्सेस प्राप्त कर लेते थे और बैंक खातों से ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

तकनीकी जांच के दौरान बरामद मोबाइल नंबरों और आईएमईआई नंबरों का विश्लेषण किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से इनके संबंध सामने आए हैं। जांच में यह भी पता चला कि गिरफ्तार आरोपित समीर अंसारी पूर्व में भी साइबर अपराध के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल या फर्जी कस्टमर केयर कॉल पर भरोसा न करें और साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या स्थानीय पुलिस को सूचना दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy