home page

पेपर लीक : कांग्रेस का उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

 | 
पेपर लीक : कांग्रेस का उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन


जमशेदपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देशभर के छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर 'प्रधानमंत्री होश में आओ, छात्रों के साथ अत्याचार बंद करो और पेपर लीक बंद करो' जैसे नारे लगाए। इसके बाद उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने करोड़ों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि अपने अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग, लाठीचार्ज और अन्य कठोर कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। ज्ञापन में कहा गया कि छात्रों की समस्याओं का समाधान दमन से नहीं बल्कि संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए।

राष्ट्रपति से कांग्रेस ने मांग की कि नीट सहित सभी परीक्षा-पत्र लीक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। छात्रों पर हुई कथित बलपूर्वक कार्रवाई की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही परीक्षा प्रबंधन में हुई कथित गंभीर चूक की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने तथा छात्रों पर हुई कथित बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफा लेने की मांग की गई।

प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र झा उर्फ नट्टू झा, पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, विशेश्वर झा, आशुतोष सिंह, फिरोज खान, संजीव रंजन, रविंद्र मौर्य, तौसीफ खान, शफी अहमद, ब्रजेंद्र तिवारी, रविंद्र कुमार ठाकुर, राजेश कुमार, अजय महतो, रंजीत बेहरा, सूरज मुंडा, अशोक सिंह, नवनीत मिश्रा, सीएम हक, बबलू किशोर प्रसाद, सुमय सिंह और निखिल तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक